खनिज विभाग के अधिकारियों के साथ प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण

जिले में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की प्रभावी पालना हेतु चंबल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन पर संयुक्त निगरानी सुदृढ़, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने वन विभाग, खनिज विभाग के अधिकारियों के साथ प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण

 

सर्वोच्च न्यायालय द्वारा चंबल नदी क्षेत्र में बजरी खनन एवं परिवहन पर लगाए गए प्रतिबंध की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा जिले में अवैध खनन एवं परिवहन की गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश बनाए रखने के उद्देश्य से धौलपुर जिला प्रशासन के विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान ने जिला वन अधिकारी (डीएफओ) आशीष व्यास, परिवहन विभाग के अधिकारियों तथा पुलिस के अधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ चंबल नदी के बड़ापुरा एवं बरेलापुरा घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी व्यवस्था, नाकाबंदी, गश्त, निगरानी बिंदुओं एवं संवेदनशील मार्गों का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों एवं राज्य सरकार के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए अवैध बजरी खनन एवं परिवहन की किसी भी गतिविधि को किसी भी स्थिति में संचालित नहीं होने दिया जाए। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि चंबल नदी क्षेत्र पर्यावरणीय एवं पारिस्थितिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे में अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं न्यायालय के आदेशों की पालना से भी जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए, संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संवेदनशील मार्गों पर नियमित नाकाबंदी, रात्रिकालीन गश्त एवं आकस्मिक निरीक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धौलपुर जिले में चंबल नदी से जुड़े संवेदनशील घाटों, संभावित निकासी मार्गों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों पर पुलिस विभाग, वन विभाग, खनिज विभाग एवं परिवहन विभाग के मध्य समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से प्रभावी निगरानी एवं सतत गश्त की जा रही है। विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर अवैध खनन एवं परिवहन की संभावनाओं पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी, वाहन जांच एवं सघन निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी है तथा प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।धौलपुर पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख घाटों एवं संभावित मार्गों पर पुलिस जाब्ता तैनात कर नियमित गश्त कराई जा रही है। इसके साथ ही वन विभाग, खनिज विभाग एवं परिवहन विभाग के साथ संयुक्त अभियान संचालित किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी स्तर पर अवैध खनन अथवा अवैध परिवहन की गतिविधियों को प्रभावी रूप से रोका जा सके। विभिन्न विभागों के बीच निरंतर समन्वय, सूचना आदान-प्रदान एवं संयुक्त कार्रवाई की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। धौलपुर पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी चंबल बजरी के अवैध खनन अथवा परिवहन की जानकारी प्राप्त होती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा अवैध गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों की संयुक्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। ब्यूरो चीफ धौलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!