प्रार्थना शेड निर्माण का हुआ भूमि पूजन, विधायक फुल सिंह राठिया ने 90% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को 11 हजार और हवाई यात्रा का दिया तोहफा,

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778

प्रार्थना शेड निर्माण का हुआ भूमि पूजन, विधायक फुल सिंह राठिया ने 90% से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को
11 हजार और हवाई यात्रा का दिया तोहफा,

सेन्द्रीपाली विद्यालय के शत- प्रतिशत परीक्षा परिणाम से प्रभावित हुए विधायक, परिसर में किया वृक्षारोपण

करतला// विकासखंड करतला स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेन्द्रीपाली में विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही प्रार्थना शेड की मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूल सिंह राठिया ने गुरुवार को विद्यालय परिसर में विधायक निधि से बनने वाले प्रार्थना शेड का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विधायक को अवगत कराया था कि गर्मी और वर्षा के मौसम में प्रार्थना सभा आयोजित करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने विधायक निधि से प्रार्थना शेड निर्माण की घोषणा की थी, जिसका अब भूमिपूजन संपन्न हो गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य जे. आर. अजगल्ले ने विधायक का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के समर्पित प्रयासों के कारण शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
विद्यालय के इस उत्कृष्ट परिणाम से प्रभावित होकर विधायक फूल सिंह राठिया ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12वीं के जो विद्यार्थी 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करेंगे, उन्हें ₹11,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही उन मेधावी विद्यार्थियों को हवाई यात्रा कराने का उपहार भी दिया जाएगा। विधायक की इस घोषणा का विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
इस दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष विरेन्द्र साहू ने विद्यालय में विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे विकास कार्यों तथा भविष्य की आवश्यकताओं से विधायक को अवगत कराया। उन्होंने विद्यालय के समग्र विकास के लिए निरंतर सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की।
कार्यक्रम में सरपंच पन्नालाल कंवर, उपसरपंच योगेश दिव्य, जनपद सदस्य रामेश्वर कंवर, विद्यालय परिवार, अभिभावक, छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के भौतिकी व्याख्याता साधराम श्रीवास ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन व्याख्याता आर. टोडे ने किया।
कार्यक्रम के अंत में विधायक फूल सिंह राठिया सहित सभी जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश भी दिया।
इस आयोजन ने एक ओर विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नई शुरुआत की, वहीं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का सकारात्मक संदेश भी दिया। विधायक द्वारा की गई प्रोत्साहन राशि और हवाई यात्रा की घोषणा से क्षेत्र के विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है तथा अभिभावकों ने इसे शिक्षा को बढ़ावा देने वाला सराहनीय कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!