कोयला चोरों पर CISF का बड़ा प्रहार! ड्रोन की नजर और श्वान दस्ते की मदद से तेतरिया बेड़ा जंगल में छापेमारी, 4 टन अवैध कोयला समेत उपकरणों का जखीरा जब्त

बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्णवाल की रिपोर्ट

कोयला चोरों पर CISF का बड़ा प्रहार! ड्रोन की नजर और श्वान दस्ते की मदद से तेतरिया बेड़ा जंगल में छापेमारी, 4 टन अवैध कोयला समेत उपकरणों का जखीरा जब्त

पलामू से सटे तेतरिया बेड़ा जंगल क्षेत्र में CISF की बड़ी कार्रवाई, करीब 4 टन अवैध कोयला समेत खनन में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का जखीरा जब्त

बोकारो जिला के बेरमो अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कोयला कारोबारियों को लेकर CISF की लगातार छापेमारी जारी है। ड्रोन सर्विलांस, प्रशिक्षित श्वान दस्ते और त्वरित कार्रवाई के जरिए अवैध कोयला खनन के नेटवर्क पर CISF ने शिकंजा कसा है।
कोयला चोरी और अवैध खनन के कारोबार के खिलाफ CISF द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत CISF सीसीएल करगली ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पलामू से सटे तेतरिया बेड़ा जंगल क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में लगभग 4 टन अवैध कोयला, एक ट्रैक्टर ट्रॉली, जनरेटर, ड्रिल वाइब्रेटर मशीन सहित भारी मात्रा में खनन उपकरण और अन्य सामान जब्त किए गए।प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर CISF सीसीएल करगली के कमांडेंट के निर्देश पर उप कमांडेंट श्री गारा अभिलाष के नेतृत्व में विशेष रेड टीम का गठन किया गया। टीम ने 26 नवंबर 2026 गुरुवार को सुबह करीब 08:00 बजे से संध्या 4:00 बजे तक चिन्हित जंगल क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध खनन गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया।छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से लगभग 04 टन अवैध कोयला, ट्रैक्टर ट्रॉली-1, जनरेटर-1, ठेला-1, बेलचा-12, ड्रिल वाइब्रेटर मशीन-2, डीजल ड्रम-4, पतीला-7, तार-3 बंडल, फावड़ा-3, तिरपाल-6, टोकरी-10, डलिया-6, प्लास्टिक पाइप-5, गैंती-11, हथौड़ा-2, जालीदार गैंती-8, डब्बल-3 बरामद एवं जब्त किया। इसके अतिरिक्त किचन एवं अन्य उपयोगी सामान भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री के संबंध में एमएमडीआर एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस पूरे अभियान में आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित सुरक्षा संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया गया। ड्रोन सर्विलांस ने जंगल क्षेत्र की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों और अवैध रूप से जमा किए गए कोयले से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट प्राप्त हुए, जिसके आधार पर छापेमारी को योजनाबद्ध और प्रभावी ढंग से अंजाम दिया गया। वहीं, CISF के प्रशिक्षित श्वान दस्ते की सहायता से संदिग्ध स्थानों की सघन जांच एवं तलाशी ली गई।इस विशेष छापेमारी दल में उप कमांडेंट श्री गारा अभिलाष, श्री डी.के. पांडेय, सहायक कमांडेंट, इंस्पेक्टर पी. के. सिंह, एस.आर. नायक, प्रदीप कुमार, सब-इंस्पेक्टर संतोष तिवारी, अमित कुमार, संदीप कुमार, CISF QRT टीम के जवानों सहित अन्य अधिकारी एवं बल सदस्य शामिल थे।CISF ने स्पष्ट किया है कि कोयला चोरी, अवैध खनन और अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। आधुनिक तकनीक, खुफिया सूचनाओं और प्रशिक्षित बल की मदद से ऐसे संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई आगे भी की जाएगी। CISF का स्पष्ट संदेश है – कोयला चोरी और अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!