बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
रेलवे कॉलोनी में चोरों की सक्रियता से दहशत, सुरक्षा को लेकर हुई बैठक।
बोकारो जिला के कथारा क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में इन दिनों चोरों की सक्रियता से कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल है। पिछले करीब 20 दिनों के दौरान चोरों ने चार खाली क्वार्टरों को निशाना बनाकर सामान पर हाथ साफ कर दिया है। वहीं, लोगों में भय पैदा करने के उद्देश्य से मध्यरात्रि में किसी-किसी क्वार्टर के दरवाजे को जोर-जोर से खटखटाकर शरारती तत्व भाग जाते हैं। लगातार हो रही घटनाओं से कॉलोनी के लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।चोरी की घटनाओं और रात में संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए गुरुवार की रात रेलवे कॉलोनी में अम्बिका सिंह के नेतृत्व में कॉलोनीवासियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति के निर्देश पर एसआई नागेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने कॉलोनीवासियों से सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी ली तथा लोगों को पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को लेकर तत्काल सूचना देने की अपील की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कॉलोनी के सभी निवासी आपसी समन्वय बनाकर सतर्क रहेंगे। रात के समय कॉलोनी की सुरक्षा के लिए गार्ड की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा किसी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर बिना जोखिम उठाए तत्काल पुलिस को सूचना देने का निर्णय लिया गया।बैठक के दौरान कॉलोनी वासियों के बीच तत्काल सूचना के आदान-प्रदान के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया। निर्णय लिया गया कि किसी व्यक्ति को रात में किसी तरह की अनहोनी या संदिग्ध गतिविधि की आशंका हो तो वह तुरंत ग्रुप में सूचना देने के साथ ग्रुप कॉल के माध्यम से अन्य लोगों को सतर्क करेगा। एसआई नागेंद्र दुबे ने कहा कि रात 12 बजे से सुबह चार बजे तक कॉलोनी क्षेत्र में पुलिस की विशेष पेट्रोलिंग की जाएगी। उन्होंने कॉलोनीवासियों को अपना मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चोरी या अनहोनी की आशंका होने पर बिना देर किए उन्हें फोन करें। पुलिस सूचना मिलते ही आवश्यक कार्रवाई करेगी।।वहीं, कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति ने कहा कि क्षेत्र की सभी कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। नवयुवकों को साथ लेकर रात्रि गश्ती की व्यवस्था करने पर भी विचार किया जा रहा है। पुलिस का प्रयास रहेगा कि किसी भी कॉलोनी में चोरी या आपराधिक घटना नहीं हो और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।।बैठक में कॉलोनीवासियों ने पुलिस से रात के समय नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की। लोगों ने कहा कि लगातार हो रही चोरी और संदिग्ध गतिविधियों के कारण परिवारों में भय बना हुआ है। पुलिस की सक्रियता और कॉलोनी वासियों की सामूहिक निगरानी से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई गई। मौके पर चंद्रहास मिश्रा, दशरथ राम, राज कुमार महतो, मनजीत कुमार, सचिन कुमार, रघुबंस राय, बिस्वनाथ गंझू, शिवपूजन प्रसाद, हरिहर यादव, देव नारायण सिंह, हर्ष नारायण ठाकुर, जगदीश भारती, सर्जन चौधरी सहित भारी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित थे।