शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डीसी ने दिये आवश्यक निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट पलामू

शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डीसी ने दिये आवश्यक निर्देश

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में छात्र एवं शिक्षक उपस्थिति, छात्र नामांकन, आधार एवं APAAR, शून्य नामांकन वाले विद्यालय, रेल परफॉर्मेंस, SMC पुनर्गठन, शिक्षक मॉड्यूल, एवं प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

छात्र उपस्थिति में सुधार पर जोर

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जुलाई 2026 में पलामू में छात्रों की औसत उपस्थिति 75.5 प्रतिशत रही, जबकि शिक्षक उपस्थिति 88.5 प्रतिशत दर्ज की गई। उपायुक्त श्री शेखावत ने छात्र उपस्थिति में और सुधार लाने के लिए विद्यालय स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग एवं कम उपस्थिति वाले विद्यालयों के कारणों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

नामांकन गैप कम करने एवं अपार में तेजी के निर्देश

जिले में छात्र नामांकन का गैप घटकर 6.37 प्रतिशत रह गया है, जो 23 जुलाई को 9.68 प्रतिशत था।डीसी ने शेष गैप को भी कम करने का निर्देश दिया। वहीं जिले में 73.51 प्रतिशत विद्यार्थियों का आधार सत्यापन एवं 63.82 प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी जनरेट हुई है।उन्होंने अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने को कहा।

बैठक में जिले के 13 शून्य नामांकन वाले विद्यालयों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा EVV पोर्टल पर रेल परफॉर्मेंस, SMC पुनर्गठन, शिक्षक प्रोफाइल एवं मॉड्यूल की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की समीक्षा में 97,159 विद्यार्थियों का ई-कल्याण पोर्टल पर नामांकन दर्ज पाया गया। उपायुक्त ने लंबित आवेदनों का शीघ्र सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, बीपीओ सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!