बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
कसमार में हिंदी दिवस पर पुरस्कार वितरण, निबंध और चित्रकला में अव्वल छात्रों को किया सम्मानित

बोकारो जिला के कसमार में हिंदी दिवस के अवसर पर पीएम श्री एस.एस. +2 उच्च विद्यालय, कसमार में प्रार्थना सभा परिसर में हिंदी दिवस सह पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।इस अवसर पर प्राचार्य श्री फारुख अंसारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के अध्ययन के साथ-साथ साहित्य एवं रचनात्मक लेखन में भी रुचि विकसित करनी चाहिए।
पोएट्री क्लब के नोडल शिक्षक एवं हिंदी के विद्वान शिक्षक श्री राम बाबू शुक्ल ने हिंदी साहित्य की विविधता और काव्य की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को कविता, कहानी एवं साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। पीएम श्री नोडल एवं अंग्रेजी के विद्वान शिक्षक डॉ. अवनीश कुमार झा ने हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं के ज्ञान को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं गणित के शिक्षक श्री अशोक रजवार, जीव विज्ञान के शिक्षक श्री महाकांत झा तथा हिंदी शिक्षक श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ने भी हिंदी दिवस की प्रासंगिकता पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में शिक्षक श्री अमित कुमार, श्रीमती सीमा कुमारी, श्री कैलाश कुमार, श्री परमेश्वर बेसरा, श्री अजय कुमार दूबे, श्री नीतेश कुमार प्रजापति एवं श्रीमती पूनम कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान हिंदी दिवस से संबंधित गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए छात्र-छात्राओं को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान विश्वरूप मुखर्जी, द्वितीय स्थान सतरूपा मुखर्जी और तृप्ति वर्मा, तृतीय स्थान उत्तम कुमार, श्रद्धा कुमारी, शाहिस्ता, हम्द रजा और इच्छा कुमारी ने प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शाहिस्ता, द्वितीय स्थान पूजा कुमारी और करन कुमार, तृतीय स्थान संजना कुमारी, आशा कुमारी और मनीषा कुमारी को मिला। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि हिंदी का सम्मान केवल हिंदी दिवस तक सीमित न रहे, बल्कि हिंदी भाषा का प्रयोग, अध्ययन और साहित्य से जुड़ाव पूरे वर्ष निरंतर बना रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।