गौरवशाली 50 वर्षों की यात्रा का जश्न, उत्सवमय हुआ राउरकेला लॉ कॉलेज

गौरवशाली 50 वर्षों की यात्रा का जश्न, उत्सवमय हुआ राउरकेला लॉ कॉलेज

जस्टिस मुराहरी श्री रमण से लेकर जस्टिस शशिकांत मिश्रा तक न्यायमूर्तियों की गरिमामयी उपस्थिति, चार विधायकों समेत कई विशिष्ट हस्तियों का जुटान

राउरकेला, (R9 भारत रिपोर्टर)। कानून शिक्षा के प्रसार, न्यायिक चेतना के विकास तथा कुशल अधिवक्ताओं एवं न्यायाधीशों के निर्माण में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले राउरकेला लॉ कॉलेज ने अपनी गौरवशाली 50 वर्षों की यात्रा का जश्न धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर आयोजित दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह ‘ओडिसी’ (ODYSSEY) रविवार को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। 21 और 22 नवंबर को आयोजित इस समारोह में उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, कानून विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व विद्यार्थियों तथा शहर की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।
समारोह के प्रथम दिन ओडिशा हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस मुराहरी श्री रमण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस अनिल कुमार चौधरी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। महाराजा श्रीरामचंद्र भंजदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. शिवराम त्रिपाठी ने उद्घाटनकर्ता तथा पीजी काउंसिल के अध्यक्ष धीरेन चंद्र नायक ने सम्मानित अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश, भारत रत्न डॉ. बी.आर. आंबेडकर तथा उत्कल गौरव मधुसूदन दास की प्रतिमाओं के अनावरण के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन, वंदे उत्कल जननी के सामूहिक गायन, अतिथियों को पौधे भेंट करने तथा विद्यार्थियों के स्वागत नृत्य ने समारोह को विशेष बना दिया। कॉलेज के 50 वर्षों के इतिहास एवं उपलब्धियों पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने पूर्व विद्यार्थियों को पुरानी यादों से रूबरू कराया।
कॉलेज के अध्यक्ष लायन डॉ. जितेंद्र नायक ने स्वागत भाषण दिया। प्राचार्या डॉ. संपादिका महांति ने संस्थान के इतिहास और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। समारोह के संयोजक अधिवक्ता गिरीश चंद्र महापात्र ने आयोजन के उद्देश्य एवं तैयारियों की जानकारी दी। अतिथियों ने अपने संबोधन में कानून शिक्षा के महत्व, न्याय व्यवस्था में नैतिकता, संविधान के मूल्यों तथा समाज के प्रति कानून के विद्यार्थियों की जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर स्वर्ण जयंती स्मारिका ‘द गोल्डन गैवल’ का विमोचन किया गया। न्यायिक सेवा में कार्यरत कॉलेज के पूर्व विद्यार्थियों एवं विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया। पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष डॉ. सुमन दत्त ने संबोधित किया, जबकि आयोजन सचिव लायन इंजीनियर हरदीप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
शाम के दूसरे सत्र में विनिता गाडोडिया, आर.पी. गुप्ता एवं डी.आर. पटनायक अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान व्यवसाय एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। पूर्व छात्र संघ की उपाध्यक्ष बबिता महापात्र ने संबोधन दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने नाटिका एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह के दूसरे दिन कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. पी.सी. रथ की प्रतिमा का अनावरण किया गया। विद्यार्थियों के स्वागत नृत्य एवं संस्थान की गौरवशाली यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन के बाद राज्यगीत प्रस्तुत किया गया। अध्यक्ष लायन डॉ. जितेंद्र नायक ने स्वागत भाषण दिया तथा प्राचार्या डॉ. संपादिका महांति ने कॉलेज के संक्षिप्त इतिहास एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। संयोजक गिरीश चंद्र महापात्र ने अतिथियों का परिचय कराया।
दूसरे दिन तेलंगाना हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस श्री देवी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। वहीं प्रोफेसर राजीव कुमार पांडा सम्मानित अतिथि तथा ओडिशा हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस शशिकांत मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कानून शिक्षा, न्यायिक व्यवस्था एवं संवैधानिक मूल्यों के महत्व पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर पूर्व प्राचार्यों, उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले पूर्व विद्यार्थियों तथा विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया।
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण चार विधायकों की उपस्थिति रही। बिरमित्रपुर के विधायक रोहित जोसेफ तिर्की, बोनाई के विधायक लक्ष्मण मुंडा, रघुनाथपाली के विधायक दुर्गाचरण तांती तथा राउरकेला के विधायक शारदा प्रसाद नायक ने कार्यक्रम में शामिल होकर अपने विचार रखे।
समापन सत्र में अंतरमहाविद्यालय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कॉलेज की पूर्व एवं वर्तमान प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा लकी ड्रॉ का आयोजन भी हुआ। एलुमनी एसोसिएशन के सचिव टी.एन. पांडे एवं संयुक्त सचिव प्रकाश राय ने संबोधित किया। अंत में आयोजन सचिव लायन इंजीनियर हरदीप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह का समापन हुआ।
राउरकेला लॉ कॉलेज की यह स्वर्ण जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि पांच दशकों की शैक्षणिक उपलब्धियों, न्यायिक योगदान और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बनी। कानून शिक्षा को मजबूत बनाने, संविधान के मूल्यों की रक्षा तथा समाज में न्यायिक जागरूकता फैलाने की दिशा में संस्थान के योगदान को इस आयोजन ने एक बार फिर रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!