बड़ी डकैती की साजिश नाकाम, निमियाघाट के लॉज में छापेमारी कर 5 अंतरराज्यीय अपराधी गिरफ्तार, हथियार व बाइक बरामद

बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट

बड़ी डकैती की साजिश नाकाम, निमियाघाट के लॉज में छापेमारी कर 5 अंतरराज्यीय अपराधी गिरफ्तार, हथियार व बाइक बरामद
‎
‎​बोकारो व गिरिडीह में ज्वेलरी दुकान व बैंक लूटने की थी तैयारी, दो माह से रेकी कर रहे यूपी-बिहार के 5 अपराधी हथियार संग गिरफ्तार
‎

‎​गिरिडीह और बोकारो जिले के शहरी क्षेत्रों में बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे पांच अंतरराज्यीय अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। निमियाघाट थाना क्षेत्र के रांगामाटी स्थित जीटी रोड किनारे एक लॉज में छापेमारी कर पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल, दो देसी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को 27 नवंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि निमियाघाट थाना अंतर्गत रांगामाटी में जीटी रोड किनारे स्थित एक लॉज में कुछ अपराधी गिरिडीह और बोकारो के शहरी क्षेत्र में किसी बड़े व्यावसायिक व ज्वेलरी प्रतिष्ठान में डकैती डालने के उद्देश्य से एकत्र हुए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी ने डुमरी एसडीपीओ आबिद खां के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। टीम ने लॉज में छापेमारी कर मौके से पांच अपराधियों को दबोच लिया। ​पूछताछ में अपराधियों ने खुलासा किया कि वे पिछले दो माह से इस क्षेत्र में रहकर रेकी कर रहे थे। उन्होंने इसरी बाजार स्थित बैंक व बड़े ज्वेलरी दुकानों तथा बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत तनिष्क ज्वेलर्स में डकैती डालने की पूरी तैयारी कर ली थी।‎​गिरफ्तार अपराधियों की पहचान ​आकाश सिंह (39 वर्ष), पिता स्व. विजय बहादुर सिंह, ग्राम रामपुर, थाना मुगरा बादशाहपुर, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश), ​सुजीत कुमार (20 वर्ष), पिता पवन शर्मा, ग्राम अतासराय, थाना इस्लामपुर, जिला नालंदा (बिहार), ​जयंत कुमार (21 वर्ष), पिता कुमार किसलय, ग्राम शेखोपुर ढडिया, थाना भगवानपुर, जिला वैशाली (बिहार), ​प्रियांशु कुमार (23 वर्ष), पिता उमेश सिंह, ग्राम खरिका, थाना बिदुपुर, जिला वैशाली (बिहार), ​रंजन कुमार (22 वर्ष), पिता शिवनारायण सहनी, ग्राम महुंदाचतुर, थाना फतेहपुर, जिला वैशाली (बिहार) कर रूप मे हुई है।
‎​आकाश सिंह के पास से एक काला रंग की अपाची बाइक संख्या बीआर 01 एचएन 5285), एक 7.65 एमएम पिस्टल और चार जिंदा कारतूस। ​सुजीत कुमार के पास से एक नीले रंग की अपाची बाइक संख्या बीआर 51ई 2895 और 7.65 एमएम की तीन जिंदा गोली।
‎​जयंत कुमार के पास से बिना नंबर प्लेट की काले रंग की होंडा हॉर्नेट सीबी 125 बाइक। ​प्रियांशु कुमार के पास से एक देसी कट्टा और .315 बोर की दो जिंदा गोली। ​रंजन कुमार के पास से एक देसी कट्टा और .315 बोर की दो जिंदा गोली बरामद की गई है।
‎​गिरफ्तार मुख्य अपराधी आकाश सिंह का पूर्व से लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुगरा बादशाहपुर, अमेठी, सारपाटहा, लम्बुआ और मीरगंज थानों में हत्या, डकैती व आर्म्स एक्ट समेत पांच गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, जयंत कुमार के विरुद्ध वैशाली के भगवानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।‎इस सफल अभियान में डुमरी एसडीपीओ आबिद खां, निमियाघाट थाना प्रभारी पुअनि सुमन कुमार, डुमरी थाना प्रभारी पुअनि श्रीकांत कुमार, निमियाघाट थाने के पुअनि मो. उमर खां सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!