भरतपुर 2 अगस्त 2026
संगठन विस्तार के साथ निकाय एवं पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी
भरतपुर..आम आदमी पार्टी की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक रविवार को कस्बा नदबई के जगदंबा रिसॉर्ट में आयोजित हुई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने तथा आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया गया।बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ, वार्ड और गांव तक संगठन का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
सह प्रभारी डॉ. नीतू मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी राजस्थान में जनहित की राजनीति को मजबूत करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी सोच को जनता तक पहुंचाने तथा मजबूत संगठन तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में संगठन की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
इस अवसर पर यूथ विंग जिला अध्यक्ष नरेंद्र आर शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी आगामी निकाय एवं पंचायत चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। पार्टी प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदार, कर्मठ और जनता के बीच सक्रिय उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के विश्वास के बल पर स्थानीय निकायों में एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष चरणदास जाटव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहतास चतुर्वेदी, जिला अध्यक्ष ओपी चौधरी, अजीत, संदीप चतुर्वेदी, विष्णु शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे…!!
हेमंत दुबे