एसीसी की बैठक में श्रमिक समस्याओं पर हुई चर्चा।

बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट

एसीसी की बैठक में श्रमिक समस्याओं पर हुई चर्चा।

बोकारो जिला के सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय सभागार में 18 सितंबर 2026 शुक्रवार को क्षेत्रीय सलाहकार समिति (एसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र के महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह ने की। संचालन सहायक कार्मिक विभाग के अधिकारी अनुराग कुमार ने किया। बैठक में क्षेत्र में उत्पादन, परिवहन व्यवस्था तथा श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह ने कहा कि कथारा क्षेत्र में उत्पादन एवं परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्पादन लक्ष्य को बेहतर तरीके से प्राप्त करने के साथ-साथ श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी प्रबंधन का विशेष ध्यान है। उन्होंने एसीसी सदस्यों से क्षेत्र की समस्याओं और सुधार से संबंधित सुझाव नियमित रूप से देने की अपील की। बैठक के दौरान एसीसी सदस्यों ने श्रमिकों एवं क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने एएमसी कार्यों की गुणवत्ता में सुधार करने, ग्रेच्युटी का भुगतान समय पर करने तथा सार्वजनिक अवकाश (पीएच) के बकाया भुगतान की मांग रखी। इसके अलावा फायर ब्रिगेड वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जर्जर पेयजल पाइपलाइन को बदलने तथा सीसीएल एडेड स्कूलों का नियमित निरीक्षण कराने का मुद्दा भी उठाया गया।सदस्यों ने वेलफेयर, हाउसिंग एवं परियोजना स्तर पर नियमित बैठक आयोजित करने, श्रमिक संगठनों को नियमानुसार कार्यालय उपलब्ध कराने सहित अन्य कई समस्याओं को भी प्रबंधन के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान से श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र की कार्यप्रणाली में भी सुधार होगा।महाप्रबंधक ने एसीसी सदस्यों की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि श्रमिक हित से जुड़े मामलों एवं समिति के सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित भी किया। बैठक में एसीसी सदस्य इकबाल अहमद, मो. निजाम अंसारी, शमसूल हक, कमोद प्रसाद सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे। प्रबंधन की ओर से विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) माधुरी मड़के, कथारा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी रंजीत कुमार, विभागाध्यक्ष (असैनिक) शशांक देव, क्षेत्रीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निशा टोप्पो, अनुराग कुमार, कुणाल कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!