बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
18 हजार रुपए रिश्वत लेते सीसीएल के 2 क्लर्क को सीबीआई ने किया गिरफ्तार, सेवानिवृत कर्मचारी की शिकायत पर कार्रवाई
बोकारो जिले के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के सीसीएल गोविंदपुर परियोजना में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। 18 सितंबर 2026 शुक्रवार को सीबीआई धनबाद की टीम ने छापेमारी कर 18 हजार रुपए रिश्वत लेते सीसीएल के दो क्लर्कों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार किए गए दोनों क्लर्क गोविंदपुर परियोजना में कार्यरत बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सीसीएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी मो० रसूल जामा से ग्रेच्युटी, पेंशन और अन्य बकाया राशि दिलवाने के नाम पर दोनों क्लर्कों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। इससे परेशान होकर सेवानिवृत्त कर्मचारी ने इसकी शिकायत सीबीआई धनबाद से की थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने शुक्रवार को योजना के तहत शिकायतकर्ता के साथ गोविंदपुर परियोजना कार्यालय पहुंची और जैसे ही दोनों क्लर्कों ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार क्लर्कों की पहचान मेघलाल महतो और मो० इम्तियाज के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम दोनों के सीसीएल क्वार्टरों में भी जांच और पूछताछ कर रही है।इस संबंध में सीबीआई धनबाद टीम के डीएसपी विकास पांडेय ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मी की शिकायत पर सत्यापन के बाद ट्रैप लगाया गया था, जिसमें दोनों क्लर्क 18 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़े गए। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद सीसीएल में हड़कंप मचा हुआ है।