डीएवी कथारा में मास्टर ट्रेनर्स की बैठक, शैक्षणिक नवाचार पर हुआ मंथन

बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट

डीएवी कथारा में मास्टर ट्रेनर्स की बैठक, शैक्षणिक नवाचार पर हुआ मंथन

बोकारो जिला के डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के सभागार में 16 सितंबर बुधवार को झारखंड जोन-आई के मास्टर ट्रेनर्स की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य डीएवी सीएमसी के सेंटर फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस द्वारा प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा अर्जित नवीन शिक्षण विधियों को कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा करना था।बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी. एन. खान ने की, वहीं डीएवी स्वांग के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के शैक्षणिक प्रमुख श्री अनुज कुमार मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में डीएवी कथारा के 31, डीएवी स्वांग के 14, डीएवी ललपनिया के 7, डीएवी भंडारीदाह के 2 तथा डीएवी दुग्धा के 1 मास्टर ट्रेनर ने सहभागिता की।इस दौरान प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को विद्यालयों में साझा करने, नवीन शिक्षण-पद्धतियों को कक्षा में अपनाने तथा विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता एवं शैक्षणिक उपलब्धियों को बेहतर बनाने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. जी. एन. खान ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में डीएवी को शिक्षा के क्षेत्र में सर्वोच्च स्थान पर स्थापित करने में मास्टर ट्रेनर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कक्षाओं में लागू किया जाए।वहीं श्री अनुज कुमार मिश्रा ने कहा कि मास्टर ट्रेनर्स से शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की बड़ी अपेक्षाएँ हैं। शिक्षक देश के भविष्य के निर्माता हैं और विद्यार्थियों के स्वर्णिम भविष्य के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मास्टर ट्रेनर्स को विभिन्न उपयोगी शिक्षण-सुझाव भी दिए। बैठक को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ. आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे सहित अन्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में जितेंद्र दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और शांति पाठ के साथ बैठक का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!