जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी खनन व परिवहन की पूर्णतः रोकथाम एवं निगरानी के लिए जारी है निरंतर सख्ती

जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी खनन व परिवहन की पूर्णतः रोकथाम एवं निगरानी के लिए जारी है निरंतर सख्ती

जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा ऐसे कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान के निर्देशन में वन विभाग व खनिज विभाग के साथ व्यापक स्तर पर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सरमथुरा से लेकर राजाखेड़ा तक संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों एवं संभावित परिवहन रूटों पर विशेष निगरानी व्यवस्था स्थापित की गई है।

नियमित पैट्रोलिंग द्वारा सतत निगरानी

 

अवैध बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए जिला पुलिस, वन विभाग एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीमें लगातार चम्बल नदी के घाटों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित पैट्रोलिंग कर रही हैं। संयुक्त टीमों द्वारा दिन एवं रात्रि दोनों समय गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। चम्बल नदी के किनारे स्थित विभिन्न घाटों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है तथा अवैध खनन की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जावेगी। संयुक्त अभियान के अंतर्गत पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण, वाहनों की जांच तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। अवैध खनन एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया गया है, जिससे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जा सके।

चैक पोस्ट के माध्यम से सघन निगरानी

पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान के निर्देशन में जिले के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर अस्थायी चैक पोस्ट स्थापित की गई हैं। इन चैक पोस्टों पर पुलिसकर्मियों द्वारा चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है तथा गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। विशेष रूप से चम्बल बजरी परिवहन की आशंका वाले मार्गों पर अतिरिक्त सशस्त्र पुलिस बल तैनात किया गया है।

चैक पोस्टों पर प्रत्येक संदिग्ध वाहन की जांच कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। अवैध बजरी परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों को जब्त कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जावेगी। साथ ही विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर सूचना का आदान-प्रदान किया जा रहा है, जिससे अवैध खनन एवं परिवहन के नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए यह विशेष अभियान निरंतर संचालित किया जाता रहेगा। संवाददाता ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!