राष्ट्रीय राजमार्ग/अंतरराज्यीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटना पीड़ितों को ‘गोल्डन आवर’ में त्वरित सहायता हेतु 112 ईआरएसएस वाहन का पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने किया अवलोकन
आज पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान ने राष्ट्रीय/अंतरराज्यीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित 112 आपात प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ERSS) के तहत उपलब्ध विशेष 112 रेस्क्यू वाहन का गुलाब बाग यातायात पुलिस ट्रेफिक पाइंट पर अवलोकन किया। इस दौरान वाहन में उपलब्ध आधुनिक रेस्क्यू एवं प्राथमिक उपचार संबंधी उपकरणों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में ‘गोल्डन आवर’ अर्थात दुर्घटना के बाद का पहला घंटा अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। यदि इस दौरान घायलों को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा दी जाए तो अनेक लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसी उद्देश्य से अब राष्ट्रीय राजमार्ग पर तैनात 112 ईआरएसएस वाहन 24 घंटे सातों दिन (24×7) सक्रिय रहकर दुर्घटना की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचेगा तथा घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए निकटतम अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाएगा।
उन्होंने बताया कि यह वाहन “रेस्क्यू ऑन व्हील्स” की अवधारणा के अनुरूप कार्य करेगा। वाहन में आवश्यक जीवन रक्षक उपकरण, प्राथमिक उपचार सामग्री तथा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी। ये वाहन में शिफ्टों में पुलिसकर्मी रहेंगे और 24 घंटे कार्य करेगा।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं 112 स्टाफ को निर्देश दिए कि दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही बिना विलंब घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा चिकित्सा संस्थानों एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाया जाए। इस दौरान यातायात प्रभारी बलविंदर सिंह सहित स्टाफ मौजूद रहा।
धौलपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि राष्ट्रीय राजमार्ग अथवा अन्य स्थानों पर किसी भी सड़क दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल 112 पर दें। राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित सहायता के लिए 1033 हेल्पलाइन का भी उपयोग किया जा सकता है।
धौलपुर पुलिस सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा जनहानि को कम करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। संवाददाता ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर