बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
चोरी की घटनाओं पर पुलिस अलर्ट, बिजुलिया मोड़ सहित कई गांवों में विशेष गश्ती और जागरूकता अभियान
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बोकारो पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। चास मुफस्सिल थाना पुलिस ने सोमवार को थाना क्षेत्र के बिजुलिया मोड़ सहित आसपास के गांवों में विशेष गश्ती और सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया।अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और व्यवसायियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। इस दौरान चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल ने बिजुलिया मोड़ के व्यवसायियों और आम नागरिकों से मुलाकात कर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि चोरी सहित किसी भी आपराधिक घटना से बचाव के लिए पुलिस के साथ-साथ आम लोगों की सक्रिय भूमिका भी जरूरी है।प्रकाश मंडल, थाना प्रभारी, चास मुफस्सिल ने कहा यदि कोई परिवार घर में ताला लगाकर बाहर जाता है तो इसकी जानकारी पड़ोसियों और पुलिस को जरूर दें। गांव में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उससे पूछताछ करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। नकदी, आभूषण और कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखें। घर को खुला छोड़कर बाहर न जाएं।थाना प्रभारी ने प्रत्येक गांव और पंचायत में सुरक्षा के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत ग्रुप और पुलिस को साझा की जाए।चोरी पर रोक के लिए मोटरसाइकिल गश्ती दल के अलावा प्रमुख चौक-चौराहों पर सादे लिवास में भी पुलिस बल तैनात किए जाएंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।अभियान के तहत पुलिस ने पुपुनकी, कालापत्थर, बिजुलिया, मामरकुदर सहित कई क्षेत्रों में विशेष गश्ती की। लोगों को सतर्क रहने, सामुदायिक सहयोग बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और आम नागरिकों से भयमुक्त वातावरण बनाने में सहयोग की अपील की।