ड्रोन से निगरानी कर CISF की छापेमारी, 06 बाइक जब्त,1.3 टन अवैध कोयला बरामद

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट

ड्रोन से निगरानी कर CISF की छापेमारी, 06 बाइक जब्त,1.3 टन अवैध कोयला बरामद

 

बोकारो जिला के बेरमो थाना क्षेत्र के कोयला माफियाओं पर सीआईएसफ एक बार फिर से शिकंजा कसा है,गोपनीय सूचना एवं अत्याधुनिक ड्रोन निगरानी प्रणाली से प्राप्त सटीक वीडियो इनपुट के आधार पर सीआईएसएफ द्वारा सीसीएल परियोजना के बी.एण्ड के. एरिया अंतर्गत कोयला चोरी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार आक्रामक एवं प्रभावी छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। सीआईएसएफ की सतर्कता, मजबूत आसूचना तंत्र एवं त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय कोयला चोरों एवं अवैध कारोबारियों में भारी दहशत व्याप्त है। इसी क्रम में कारो एक्सकैवेशन के पीछे क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से जमा कर रखे गए लगभग 1.300 टन अवैध कोयला बरामद कर सीसीएल प्रबंधन को सुपूर्द किया गया। इसके उपरांत संध्या बेला होते ही कोनार रेलवे साईडिंग एरिया में केऔसुब एवं स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सघन दाबिश देकर कोयला चोरी में प्रयुक्त 06 मोटरसाईकिलें (पंजीयन संख्या JH 09BM 2442, JH 02AA 7790, JH 09AV 3258 एवं अन्य 03 मोटरसाईकिल जिनकी पंजीयन संख्या अस्पष्ट है) तथा 10 बोरी अवैध कोयला बरामद किया गया। बरामद मोटरसाईकिलों एवं कोयले को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु बीटीपीएस थाना को सुपूर्द कर दिया गया। सीआईएसएफ द्वारा लगातार की जा रही तकनीक आधारित कार्रवाई, ड्रोन सर्विलांस, त्वरित छापामारी एवं अपराधियों पर कड़ी निगरानी के कारण कोयला चोरी से जुड़े असामाजिक तत्वों के हौसले पस्त हो गए हैं तथा क्षेत्र में सीआईएसएफ की सख्त एवं प्रभावशाली कार्यशैली की व्यापक चर्चा हो रही है। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा, कोयला चोरी पर पूर्ण नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान और अधिक तीव्रता एवं कठोरता के साथ निरंतर जारी रहेंगे। उक्त छापामारी दल में उप कमाण्डेंट श्री गारा अभिलाष, सहायक कमाण्डेंट श्री वर्पे सार्थक बाबाजी, निरीक्षक शीला रेगिना टोप्पे, सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी, संदीप कुमार, आरक्षक महिपाल सिंह, सीसीएल प्रबंधन, स्थानीय पुलिस बल एवं अन्य केऔसुब जवानों की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!