शासकीय हाई स्कूल फत्तेगंज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778

शासकीय हाई स्कूल फत्तेगंज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत, सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को वितरित की गई साइकिलें

 

करतला (कोरबा)। विकासखंड करतला अंतर्गत संकुल फत्तेगंज के शासकीय हाई स्कूल फत्तेगंज में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर शाला प्रवेश उत्सव पूरे उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट, स्वागत बैनरों एवं आकर्षक व्यवस्थाओं से सजाया गया था। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय परिवार ने कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर बच्चों के चेहरे पर नई उम्मीदों और नए सपनों की चमक साफ दिखाई दे रही थी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष अशोक बाई कंवर उपस्थित रहीं। उनके साथ विशिष्ट अतिथि निरुपमा पाटले, जनपद सदस्य विश्राम सिंह राठिया, सरपंच विश्राम कंवर, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष ननकी सिंह कंवर, उपसरपंच इंद्रभान राठिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पालकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों पर अतिथियों ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में जनपद अध्यक्ष अशोक बाई कंवर ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नया शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों के लिए नए सपनों, नए संकल्पों और नई उपलब्धियों की शुरुआत है। शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर, संस्कारित और समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन, मेहनत एवं अनुशासन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नियमित विद्यालय आने, शिक्षकों का सम्मान करने और समय का सदुपयोग करने वाले विद्यार्थी ही भविष्य में सफल नागरिक बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने तथा नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की अपील की।

अशोक बाई कंवर ने पालकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा केवल विद्यालय की नहीं, बल्कि परिवार की भी जिम्मेदारी है। यदि अभिभावक बच्चों की पढ़ाई पर नियमित ध्यान देंगे, उन्हें समय पर विद्यालय भेजेंगे और पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएंगे, तो निश्चित रूप से बच्चे जीवन में बेहतर उपलब्धियां हासिल करेंगे।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, मध्यान्ह भोजन, सरस्वती साइकिल योजना सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना तथा विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति को समाप्त करना है।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी के नवप्रवेशी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय पालन और विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। वहीं सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा नवमी की छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं के चेहरों पर विशेष उत्साह दिखाई दिया। अतिथियों ने कहा कि यह योजना दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए वरदान साबित हो रही है तथा इससे बालिका शिक्षा को नई गति मिली है।

शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर विद्यालय परिसर में पारंपरिक नेवता भोज का आयोजन भी किया गया। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। इस दौरान अतिथियों ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य अमृत लाल, व्याख्याता आर.के. राठौर, एन.एल. चौहान, डी.आर. साहू, देवला सिंह कंवर, शिव सिंह कंवर सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुचारू मंच संचालन माध्यमिक शाला फत्तेगंज के शिक्षक आर.एल. सारथी ने किया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम का संचालन अत्यंत सहज एवं प्रभावशाली ढंग से किया। अंत में व्याख्याता आर.के. राठौर ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रति उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से विद्यालय शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्ट परिणामों की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!