बढ़ते अपराधों पर सांसद ज्योत्सना महंत की पहल, कोरबा जिले में नई पुलिस चौकियों की मांग

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778

बढ़ते अपराधों पर सांसद ज्योत्सना महंत की पहल, कोरबा जिले में नई पुलिस चौकियों की मांग

कोरबा// जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने प्रदेश सरकार से नई पुलिस चौकियां खोलने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस चौकियां स्थापित करने का आग्रह किया है।

सांसद महंत ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कोरबा जिले में चोरी, डकैती, हत्या, लूटपाट, आगजनी, डीजल चोरी तथा कोयला चोरी जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। इन घटनाओं के कारण आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और कानून व्यवस्था को लेकर चिंता का माहौल है।

उन्होंने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले के कुछ प्रमुख क्षेत्रों में नई पुलिस चौकियां खोलने की आवश्यकता जताई है। सांसद ने विशेष रूप से ग्राम छुरी, ग्राम कोरबी (धतूरा), ग्राम पिपरिया (पसान) तथा ग्राम पाली पौड़ी में नई पुलिस चौकियों की स्वीकृति देने का अनुरोध किया है।

सांसद ने कहा कि इन क्षेत्रों में पुलिस चौकी स्थापित होने से अपराधों पर अंकुश लगाने, त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस मांग की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी है।

इस पहल को जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यदि शासन स्तर पर इस मांग को मंजूरी मिलती है तो कोरबा के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!