महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत निकाली गई जन-जागरूकता रैली
पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूक होने का दिया संदेश
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान सुरक्षित नारी सशक्त समाज के तहत बुधवार को धौलपुर में व्यापक जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया रैली को पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान ने कार्यालय पुलिस अधीक्षक परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शिकाऊ प्रकोष्ठ) हवा सिंह सहित पुलिस अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक जागरूक होकर उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने सभी से महिलाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, हिंसा अथवा साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया। जन-जागरूकता रैली कार्यालय पुलिस अधीक्षक धौलपुर से प्रारम्भ होकर गुलाब बाग, लाल बाजार, रेलवे स्टेशन, फद्दी चौराहा, जगन चौराहा, पुरानी सब्जी मंडी, तोप तिराहा एवं संतर रोड होते हुए पुनः गुलाब बाग से कार्यालय पुलिस अधीक्षक धौलपुर पहुंचकर सम्पन्न हुई रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों ने आमजन को महिला सुरक्षा से जुड़े संदेश दिए तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध विभिन्न सुरक्षा सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्रदान की। अभियान के दौरान नागरिकों को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, महिला बीट अधिकारी योजना, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला गरिमा हेल्पलाइन, साइबर हेल्पलाइन, राजकॉप सिटीजन ऐप सहित विभिन्न सुरक्षा उपायों एवं सुविधाओं के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या अपराध की सूचना बिना संकोच पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। रैली के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास एवं अधिकारों के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया। धौलपुर पुलिस ने आमजन से आह्वान किया कि वे महिला सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति सजग रहें, अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाएं तथा अपने परिवार एवं समाज में भी जागरूकता फैलाकर सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनें। इससे पूर्व कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास प्रकोष्ठ हवा सिंह द्वारा महिला पुलिसकर्मियों की मीटिंग ली
रवि तिवारी की रिपोर्ट