सीतापुर दिनांक 24 अगस्त 2022 (सू0वि0) जिलाधिकारी अनुज सिंह ने आज तहसील सदर में कृषक सम्मान निधि की हो रही डाटा फीडिंग का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न फाईलों में अंकित लाभार्थियों का विवरण देखा एवं अंकित मोबाइल नम्बर पर फोन से वार्ता कर उनसे मिल रही कृषक सम्मान निधि के बारे में जानकारी ली। महिला लाभार्थियों से भी फोन के माध्यम से जानकारी ली। उन्होंने तहसीलदार सदर को निर्देश दिये कि यदि लाभार्थी कई भाई हों जिनमें किसी एक का सत्यापन हो गया है, अन्य भाईयों का सत्यापन लाम्बित है तो ऐसे लम्बित आवेदनों को त्वरित सत्यापित कराना सुनिचित किया जाये। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि जिन लाभार्थियों के मोबाइल नम्बर/विवरण आपके पास उपलब्ध है उनसे फोन के माध्यम से सम्पर्क कर एवं कर्मचारियों को भेजकर फीडिंग एवं सत्यापन का कार्य सुनिश्चित किया जाये, जिससे अनावश्यक विलम्ब न होने पाये।
इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी के न्यायालय का भी निरीक्षण किया। न्यायालय में उपलब्ध विभिन्न दस्तावेजों में अंकित विवरण को देखा। पुरानी से पुरानी फाईलें निकलवाकर अंकित विवरण देखते हुये उपजिलाधिकारी सदर को निर्देश दिये कि त्वरित निस्तारित होने वाले मुकदमों को निस्तारित किया जाये। वरासत के मुकदमों को अधिक समय तक लम्बित न रखा जाये एवं जाति, आय, निवास के आवेदनों का एक सप्ताह के अन्दर प्रमाण-पत्र जारी किया जाये।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी, उपजिलाधिकारी सदर अनिल कुमार, तहसीलदार सदर ज्ञानेन्द्र द्विवेदी, नायब तहसीलदार सदर सुखबीर सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।