1 नवंबर को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सिंगरौली जिले में सिंगरौली खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव के अंतर्गत प्रभात फेरी का आयोजन सुबह 7 बजे किया गया। इस अवसर पर राजमाता चुन कुमारी स्टेडियम बैढ़न में बालिकाओं ने प्रेरणा गीत सुनाया। प्रभात फेरी में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न के छात्र छात्राओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। प्रभात फेरी स्टेडियम से शुरू हुई और मस्जिद तिराहा से होते हुए होटल राजकमल से वापस घूमकर स्टेडियम में समाप्त हुई। स्टेडियम में स्कूली छात्राओं ने संदेश गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, अपर कलेक्टर डी पी बर्मन, एसडीएम ऋषि पवार, निगम आयुक्त पवन सिंह, नगर निगम के कर्मचारीगण, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के सदस्य, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी सहित स्कूल के छात्र छात्राएं मौजूद रहे।