भरतपुर 14 सितंबर
भरतपुर के बांध बारैठा पर जल महोत्सव का हुआ आयोजन
भरतपुर. राज्य सरकार के निर्देश पर शनिवार को जलझूलनी एकादशी के अवसर पर जल महोत्सव कार्यक्रम के तहत बयाना में शनिवार सुबह जल संसाधन विभाग के तत्वाधान में बारैठा बांध पर जल महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने पंडित रामनिवास के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल देवता की पूजा-अर्चना की और ठाकुरजी को जल विहार कराया। विधायक ने क्षेत्र और प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए अच्छे मानसून के लिए प्रकृति को धन्यवाद दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और कहा कि जल ही हमारे भविष्य की सुरक्षा का आधार है। अच्छे मानसून से क्षेत्र का जलस्तर बढ़ेगा, जिससे पेयजल और सिंचाई के लिए पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित होगी और पर्यावरण भी सुधरेगा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ऋषि बंसल, पंचायत समिति बीडीओ नरेंद्र सिंह गुर्जर, जल संसाधन विभाग के एईएन दशरथ सिंह गुर्जर, जेईएन रूपचंद, वन विभाग के रेंजर रूपेंद्र कुमार शर्मा, कृषि सहायक निदेशक सुरेश गुप्ता, दिनेश दत्तात्रेय, सुमित्रा देवी सहित जल संसाधन, वन, पंचायती राज और कृषि विभाग के कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।।
भरतपुर से हेमंत दुबे