पेटरवार में बैंक से निकली 50 हजार की लूट का एसडीपीओ ने किया खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार,23 हजार और बाइक बरामद

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट

पेटरवार में बैंक से निकली 50 हजार की लूट का एसडीपीओ ने किया खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार,23 हजार और बाइक बरामद

 

 

बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल मुख्यालय पेटरवार थाना क्षेत्र में बैंक से पैसे निकालकर घर जा रही महिला से हुई लूट का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 8 जुलाई को पेटरवार थाना अंतर्गत कोनार बेड़ा निवासी मंजू देवी पेटरवार बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से घर जा रही थीं। तभी सुनसान सड़क पर दो अज्ञात व्यक्तियों ने मोटरसाइकिल से उनका पैसा छीन लिया और फरार हो गए। इस संबंध में पेटरवार थाना में मामला दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड का उद्भेदन किया। छापेमारी में चंदनकियारी थाना अंतर्गत सहारजोरी निवासी दिलीप कुमार तिवारी और चंदन शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनके पास से लूट की घटना में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल JH 09 BL 8183 और 23,000 रुपये नकद बरामद किए गए। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दिलीप कुमार तिवारी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस अब बाकी लूटी गई राशि और इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।इस छापेमारी दल में पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो, पुअनि महावीर एक्का, राजेश यादव, रंजन सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!