शासकीय प्राथमिक शाला जोगीनगर में बच्चों ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778

शासकीय प्राथमिक शाला जोगीनगर में बच्चों ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


करतला//पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय प्राथमिक शाला जोगीनगर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर शिक्षकों, विद्यालय स्टाफ तथा अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधान पाठक रथराम कंवर के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। पेड़ों से हमें शुद्ध वायु, छाया, फल, औषधियां तथा प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए तथा उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, समय पर सिंचाई और देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। सभी विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की रक्षा करने और उन्हें बड़ा होने तक नियमित रूप से उनकी देखरेख करने का संकल्प लिया।

विद्यालय परिवार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता का विकास होता है। वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक संदेश देते हुए समाज से भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उन्हें संरक्षित रखने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रधान पाठक रथराम कंवर, सफाई कर्मचारी धन कुंवर रजक, मोंगरा बाई यादव सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया और भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!