बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
कथारा क्षेत्र में धूमधाम से मनी भगवान विश्वकर्मा की पूजा, पंडालों की भव्य सजावट और मेले का आयोजन
बोकारो जिले के कथारा क्षेत्र में 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा की पूजा धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। कथारा महाप्रबंधक कार्यालय, इलेक्ट्रिकल वर्कशॉप, जीएम यूनिट और जारंगडीह, वाटर फिल्टर, कोवयरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।जानकारी के अनुसार सभी पूजा पंडालों और कारखानों को गुब्बारों, फूलों और झालर लाइटों से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिसकी सजावट देखते ही बन रही थी। पंडित जी और पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा संपन्न कराई गई। इस दौरान सभी जगह महिला, पुरुष और युवक-युवतियां काफी संख्या में मौजूद रहे और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।इसके अलावा बोकारो थर्मल DVC के सिविल ऑफिस में भी हर्षो उल्लास के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना की गई। बता दें कि पूजा के साथ-साथ कई जगहों पर मेले का भी आयोजन किया गया है। बच्चों के मनोरंजन के लिए मेले में मिक्की माउस, खिलौना दुकान, पानी पुरी सहित अन्य चीजों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां काफी भीड़ देखी गई।मान्यता है कि भगवान विश्वकर्मा को दुनिया का पहला इंजीनियर और वास्तुकार कहा जाता है। इन्होंने ही स्वर्ग लोक, सोने की लंका, द्वारिका नगरी और भगवान के अस्त्र-शस्त्रों का निर्माण किया था। इसी कारण हर साल 17 सितंबर को कारखानों, फैक्ट्रियों, वर्कशॉप और औद्योगिक क्षेत्रों में मशीनों और औजारों की पूजा कर सुख-समृद्धि और कार्य में कुशलता की कामना की जाती है।