बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
करगली एरिया में CISF ने लगाए वेटिवर घास के 10,570 पौधे, पर्यावरण संरक्षण की पहल
पर्यावरण संरक्षण और खनन क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ इकाई सीसीएल करगली द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। 25 सितंबर 2026 शुक्रवार को करगली परियोजना क्षेत्र में वेटिवर घास का वृहद रोपण अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने बोकारो जिला के करगली परियोजना क्षेत्र में वेटिवर घास के करीब 10,570 पौधे लगाए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खनन क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी के कटाव को कम करना और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना है।वेटिवर घास की जड़ें मिट्टी को मजबूती प्रदान करती हैं, जिससे ओबी डंप क्षेत्र में मिट्टी के कटाव को नियंत्रित करने में काफी सहायता मिलती है।
इस अवसर पर सीआईएसएफ करगली के कमांडेंट आर.पी.सिंह ने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक निरंतर जिम्मेदारी है। लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सीआईएसएफ द्वारा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ खनन क्षेत्रों में हरित आवरण विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और वेटिवर घास लगाने से मिट्टी के कटाव को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है।