महिलाओं एवं बहन-बेटियों को सशक्त करती धौलपुर पुलिस की आत्मरक्षा प्रशिक्षण टीम
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में जिलेभर में लगातार चलाया जा रहा महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण अभियान
महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से धौलपुर पुलिस द्वारा महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण अभियान के तहत जिलेभर में लगातार विभिन्न स्कूल, कॉलेज एवं शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में धौलपुर पुलिस की महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण टीम द्वारा छात्राओं एवं महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के लिए आवश्यक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।इसी क्रम में आज महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण टीम द्वारा कन्या महाविद्यालय, धौलपुर एवं पीएमश्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, टोंटरी में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम का नेतृत्व महिला हेड कांस्टेबल सपना द्वारा किया गया। उनके साथ महिला कांस्टेबल मुन्नी, ओमवती, सुनीता एवं शबाना ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सिखाए तथा उन्हें आपात परिस्थितियों में आत्मविश्वास एवं सूझबूझ के साथ स्वयं की सुरक्षा करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को बताया गया कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक तकनीकों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में सतर्कता, आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय एवं साहस के साथ स्थिति का सामना करना भी आत्मरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं उपलब्ध सहायता संसाधनों का उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया।धौलपुर पुलिस की महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण टीम द्वारा लगातार शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि महिलाएं एवं बहन-बेटियां स्वयं की सुरक्षा के लिए सक्षम एवं आत्मविश्वासी बन सकें।धौलपुर पुलिस का यह अभियान महिला सुरक्षा के साथ-साथ “सशक्त महिला, सुरक्षित समाज” की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस द्वारा जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता एवं सशक्तिकरण के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर जारी रखे जाएंगे। ब्यूरो चीफ धौलपुर