बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
शराब के नशे में युवक ने हाथ की नस काटकर आत्महत्या का किया प्रयास
बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र के सिवनडीह स्थित आजाद नगर में मंगलवार शाम एक युवक ने कथित तौर पर हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।घायल युवक की पहचान आजाद नगर निवासी असलम खान के पुत्र आरफीन खान (35) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आरफीन शराब के नशे में था। बताया गया कि वह पूर्व से मानसिक रूप से परेशान रहता है और पहले भी इस तरह की घटना कर चुका है। हालांकि, उसने किन परिस्थितियों में हाथ की नस काटी, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।आरफीन के पिता असलम खान ने बताया कि घर में ही उसने हाथ की नस काट ली। घटना की वजह के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। वहीं, बोकारो सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि युवक के हाथ पर धारदार वस्तु से चोट पहुंचाने के निशान प्रतीत हो रहे हैं और उसका उपचार किया जा रहा है।घटना की सूचना मिलने के बाद माराफारी पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। युवक और परिजनों से पूछताछ के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।