बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
बेरमो में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 3 जगह छापेमारी में लगभग 4 टन अवैध कोयला जब्त; कोयला माफियाओं में दहशत
बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र में सीसीएल परियोजना क्षेत्रों में कोयला चोरी और अवैध कारोबार के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार सघन अभियान के तहत बुधवार 27 मई 2026 को लगभग 4 टन अवैध कोयला जब्त किया गया।सीआईएसएफ कमांडेंट राज प्रताप सिंह के नेतृत्व में बी एंड के एरिया तथा ढोरी एरिया में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। गोपनीय सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने खासमहल एरिया स्थित प्रदीप होटल के समीप विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से जमा कर रखे गए लगभग 1.775 टन कोयला बरामद किया गया।
इसके अलावा ढोरी एरिया अंतर्गत कारीपानी स्थित एनएसडी चेक पोस्ट के पास चलाए गए अभियान में लगभग 1.30 टन अवैध कोयला जब्त किया गया।वहीं अमलो चेक पोस्ट के दीनदयाल चौक के समीप भी छापेमारी कर लगभग 1 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।सभी जब्त कोयले को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया। सीआईएसएफ अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में कोयला चोरी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। सीआईएसएफ की मजबूत खुफिया तंत्र और सतत निगरानी के कारण अवैध कारोबारियों में दहशत का माहौल है। इस विशेष अभियान में निरीक्षक शिला टोपो, सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी, धर्मेन्द्र प्रसाद, एच के सिंह, राहुल प्रधान, आरक्षक प्रताप शंकर, बी पेगु, महिपाल सिंह सहित अन्य जवानों की सक्रिय भूमिका रही। कमांडेंट ने सभी की तत्परता की सराहना की है।