बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
आईएमडब्लूएफ फेडरेशन में चयनित पदाधिकारियों का किया गया सम्मान।
बोकारो :यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन एटक की ओर से बोकारो जिला के कथारा स्थित जारंगडीह यूनियन कार्यालय में 27 मई 2026 बुधवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड चंद्रशेखर झा ने की। इस समारोह में उड़ीसा के पुरी में 20 एवं 21 मई को आयोजित आईएमडब्लूएफ फेडरेशन के राष्ट्रीय सम्मेलन में चयनित पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। सम्मेलन में सीएमपीडीआई के अशोक यादव को अध्यक्ष, कामरेड रामेंद्र कुमार को जनरल सचिव तथा लखनलाल महतो को एडिशनल जनरल सचिव चुना गया। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में बेरमो क्षेत्र यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन के तीनों प्रक्षेत्रों के सदस्यों ने लखनलाल महतो को बुके एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा बेरमो क्षेत्र से नवीन कुमार विश्वकर्मा और जवाहरलाल यादव का भी आईएमडब्लूएफ फेडरेशन में चयन होने पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। समारोह में मौजूद यूनियन सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए मजदूर हितों की लड़ाई को और तेज करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर लखनलाल महतो ने कहा कि यह सम्मान पूरे बेरमो कोयलांचल के मजदूरों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि आईएमडब्लूएफ में मिले दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे तथा चार लेबर कोड और निजीकरण के खिलाफ कोयला मजदूरों की लड़ाई को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कामरेड चंद्रशेखर झा ने कहा कि बेरमो क्षेत्र से तीन साथियों का फेडरेशन में चुना जाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इससे बेरमो के मजदूरों की आवाज अब दिल्ली तक और मजबूती से पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यूनियन एकजुट होकर मजदूर विरोधी नीतियों का विरोध करेगी। मौके पर सुजीत घोष, मथुरा प्रसाद यादव, बलराम नायक, शाखा सचिव पप्पू लाला, परन महतो, विश्वनाथ महतो, खुव्वाली मंडल, शशि भूषण ओहदार समेत बड़ी संख्या में यूनियन सदस्य उपस्थित थे।