बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
पांच दिनों बाद जारंगडीह में लौटी बिजली, नया ट्रांसफार्मर लगाकर सीसीएल ने बहाल की आपूर्ति।
बोकारो जिला के जारंगडीह कोलियरी क्षेत्र के जारंगडीह बाजार, रिवरसाइड और 12 नंबर इलाके के लोगों को आखिरकार पांच दिनों बाद बिजली संकट से राहत मिल गई। पिछले शुक्रवार को 01 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। इसके चलते इलाके में अंधेरा छा गया था और भीषण गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बिजली नहीं रहने से लोगों का दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया था। घरों में पंखे और कूलर बंद पड़े थे, पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई थी तथा मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं हो पा रहे थे। शाम होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता था, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई थी। स्थानीय लोगों ने कई बार सीसीएल प्रबंधन से जल्द बिजली बहाल कराने की मांग की थी। मंगलवार को सीसीएल प्रबंधन की पहल पर नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने का कार्य पूरा किया गया। इसके बाद विद्युत लाइन को चार्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। तकनीकी टीम की निगरानी में सभी आवश्यक परीक्षण किए गए और अंततः लाइन को सफलतापूर्वक चार्ज कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली आते ही क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली और प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। जारंगडीह परियोजना पदाधिकारी प्रवीण सेन गुप्ता तथा प्रोजेक्ट इंजीनियर निखिल कुमार ने बताया कि शुक्रवार को 01 एमवीए का मुख्य ट्रांसफार्मर जल गया जिसके कारण पूरे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बाधित हो गई। उन्होंने बताया कि तकनीकी कारणों और लोड संबंधी समस्याओं के कारण नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने में अपेक्षा से अधिक समय लगा। आवश्यक परीक्षण एवं सुरक्षा मानकों का पालन करने के बाद मंगलवार को नया ट्रांसफार्मर 300 केवीए की लगाकर सफलतापूर्वक लाइन चार्ज कर दी गई। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी समस्याओं से निपटने के लिए विद्युत व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। वहीं बिजली बहाल होने के बाद जारंगडीह बाजार, रिवरसाइड और 12 नंबर क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। पांच दिनों तक बिजली संकट झेलने के बाद लोगों ने राहत महसूस की और उम्मीद जताई कि आगे ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।