बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
स्वच्छता पखवाड़ा का समापन, विद्यार्थियों को किया सम्मानित।
बोकारो जिला क़े सीसीएल कथारा क्षेत्र में 16 से 30 जून तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का समापन 30 जून 2026 मंगलवार को सीसीएल कथारा ऑफि ऑफिसर्स क्लब में हुआ। समापन समारोह में स्वच्छता,पर्यावरण संरक्षण, ई-वेस्ट प्रबंधन एवं एकल-उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग में कमी लाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों,अधिकारियों तथा एरिया कंसल्टेटिव कमेटी (एसीसी) के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कोल इंडिया लिमिटेड के कॉर्पोरेट गीत से हुई। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (ऑपरेशन) बिनोद कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, ई-वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि कोल इंडिया लिमिटेड पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है और नेट-ज़ीरो उत्सर्जन के लक्ष्य की दिशा में विभिन्न हरित पहलें संचालित कर रही है।
समारोह में डीएवी कथारा, डीएवी सावांग एवं विवेकानंद सरस्वती विद्यालय जरंगडीह के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान आयोजित चित्रकला, निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालयों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए डस्टबिन उपलब्ध कराए गए। एकल-उपयोग प्लास्टिक के विकल्प के रूप में जूट बैग वितरित किए गए तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं एसीसी सदस्यों के बीच फलदार पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में एसओ (पी एंड पी) अर्जुन प्रसाद, एएफएम राजीव रंजन, प्रबंधक (वित्त) जे.पी. नारायण, एसओ (एचआर) माधुरी मडके तथा एसीसी सदस्य विजय कुमार सिंह और मोहम्मद इकबाल अहमद सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह के मार्गदर्शन में अनुराग कुमार द्वारा किया गया। अंत में सभी ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।