“बिना बिजली कनेक्शन के 5 हजार का बिल”

“बिना बिजली कनेक्शन के 5 हजार का बिल”

 

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के बोनाई क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के घर में छह साल बाद भी बिजली कनेक्शन नहीं हुआ, लेकिन उसके नाम पर करीब पांच हजार रुपये का बिजली बिल भेज दिया गया। अब पीड़ित ने मामले की जांच और न्याय की मांग की है।ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के बोनाई ब्लॉक के जकईकला पंचायत अंतर्गत जमकेई गांव के निवासी सौभाग्य बेहरा ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

 

उनका कहना है कि वर्ष 2019 में सौभाग्य योजना के तहत उनके घर में बिजली कनेक्शन देने के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध करा दिए गए थे, लेकिन आज तक उनके घर में बिजली का वास्तविक कनेक्शन नहीं लगाया गया।पीड़ित के अनुसार, छह वर्षों से बिजली के उपकरण वैसे ही पड़े हुए हैं और घर में कभी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई। इसके बावजूद 23 जून 2026 को उनके नाम पर लगभग 5,000 रुपये के बकाया बिजली बिल का नोटिस पहुंच गया।नोटिस मिलने के बाद सौभाग्य बेहरा बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद विभाग के दो कर्मचारी उनके घर पहुंचे। जांच के दौरान यह पाया गया कि घर में अब तक बिजली लाइन का कनेक्शन ही नहीं किया गया है।सौभाग्य बेहरा का कहना है कि जब उनके घर में बिजली कनेक्शन ही नहीं हुआ, तो उनके नाम पर बिजली बिल कैसे जारी किया गया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे न्याय की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे।फिलहाल इस मामले ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर विभाग की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

रिपोर्ट:-संजय बेहेरा,सुंदरगढ़,ओडिशा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!