बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
डीएवी कथारा में सह-शैक्षणिक गतिविधियों का भव्य आयोजन,क्ले मॉडलिंग से देशभक्ति नृत्य तक में दिखा विद्यार्थियों का हुनर
बोकारो जिले के डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को केंद्र में रखते हुए सह-शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर पूरे सप्ताह 29 जून से 4 जुलाई तक रचनात्मकता, अनुशासन, देशभक्ति और उत्साह के वातावरण से सराबोर रहा।
4 जुलाई शनिवार को सीसीए गतिविधियों के अंतर्गत कक्षा 3 से 5 तक क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा 6 से 8 के लिए देशभक्ति समूह गायन तथा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए समूह देशभक्ति नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुत मनोहारी नृत्यों ने राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक गौरव का प्रभावशाली संदेश दिया।
क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता में दयानंद सदन की आरूषी कुमारी प्रथम, विवेकानंद सदन की आर्ची कुमारी द्वितीय और दयानंद सदन के अंशुमन कुमार व अरविंद तृतीय रहे। समूह गायन में विवेकानंद सदन प्रथम, दयानंद द्वितीय और श्रद्धानंद सदन तृतीय रहा। समूह नृत्य प्रतियोगिता में कक्षा 9-10 में श्रद्धानंद और अरविंदो सदन संयुक्त रूप से प्रथम, विवेकानंद द्वितीय और दयानंद तृतीय रहा। वहीं 11वीं-12वीं में अरविंदो सदन प्रथम और विवेकानंद सदन द्वितीय रहा।इस अवसर पर झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह विद्यालय के प्राचार्य डॉ जी.एन. खान ने विजयी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सह-शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के भीतर नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम जैसे जीवनोपयोगी गुणों का विकास करती हैं। विद्यालय का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को ऐसा समग्र मंच प्रदान करना है जहां वह अपनी प्रतिभा को निखार सके।विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों और शिक्षकों की सराहना की। विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य को गढ़ने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर एस मिश्रा, तेजो मित्र पाठक, सीसीए समन्वयक जितेंद्र दुबे, बी.के. दसौंधी, राकेश रंजन, आराधना, ओशीन,अर्शिया एजाज,रेखा कुमारी,वीणा कुमारी,खुशबू कुमारी,सुमन कुमारी,अमरनाथ यादव,ममता पत्रा,संगीत कुमार सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सराहनीय भूमिका रही।