बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
कथारा ओपी ने चलाया किरायेदार सत्यापन अभियान, मकान मालिकों को दिए निर्देश।
बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कथारा ओपी क्षेत्र में गुरुवार से किरायेदारों के सत्यापन (हाउस वेरिफिकेशन) को लेकर विशेष अभियान शुरू किया गया। अभियान का नेतृत्व कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति ने किया। इस दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में जाकर मकान मालिकों एवं किरायेदारों से संपर्क किया तथा उन्हें किरायेदार सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी दी। ओपी प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाले सभी मकान मालिकों को अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का पहचान पत्र, स्थायी पता, मोबाइल नंबर तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी कथारा ओपी में उपलब्ध करानी होगी। इसका उद्देश्य क्षेत्र में रहने वाले लोगों का सत्यापन कर असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है। पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को बिना पहचान सत्यापन के किराये पर मकान नहीं दें। यदि कोई नया किरायेदार आता है तो उसकी पूरी जानकारी तत्काल थाना में उपलब्ध कराएं। निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने वाले मकान मालिकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। कथारा पुलिस ने कहा कि यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार चलाया जाएगा। साथ ही आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।