बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
आवारा कुत्तों से बचाव को लेकर डीएवी कथारा में चला विशेष जागरूकता अभियान, बच्चों ने पोस्टर-पेंटिंग से दिया सुरक्षा का संदेश
सीसीएल कल्याण विभाग के निर्देश पर बोकारो के डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में आवारा कुत्तों से सुरक्षा और बचाव को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने पोस्टर और पेंटिंग के जरिए समाज को जागरूक करने का काम किया।शनिवार 25 जुलाई को विद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व कला शिक्षक संजय महतो ने किया। छात्रों ने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से सतर्कता, सुरक्षा और पशुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार का संदेश दिया।प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में इस अभियान की जानकारी सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ साझा की गई। इस अवसर पर झारखंड जोन के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह-विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी. एन. खान ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।डॉ.जी. एन. खान, प्राचार्य, कहा डीएवी कथारा विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का भी मंच है। आवारा कुत्तों से जुड़ी घटनाओं की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता और सतर्कता जरूरी है। बच्चों को चाहिए कि वे किसी भी आवारा पशु को न उकसाएं और खतरे की सूचना तुरंत अभिभावकों या शिक्षकों को दें।अभियान के तहत पोस्टर एवं पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें 12वीं की छात्रा प्राची सेठ ने प्रथम, पांचवी की छात्रा तृषा शर्मा ने द्वितीय और 12वीं की परी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अभिषेक पटेल, माही कुमारी, अभिमन्यु कुमार सहित 18 विद्यार्थियों को विशेष रूप से सराहा गया।इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों और शारीरिक शिक्षा विभाग की अहम भूमिका रही। विद्यालय परिवार ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित की जाएगी।