भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब।

राजाखेड़ा। भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को कस्बे में निकाली गई विशाल एवं भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम बन गई। दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों और धर्म ध्वजों के साथ निकली शोभायात्रा में हजारों की संख्या में विप्रजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान पूरे नगर में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा तथा भगवान परशुराम के जयघोषों से नगर गुंजायमान हो उठा।शोभायात्रा का शुभारंभ बिचौला रोड स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर संत पागलदास महाराज, भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा, रूपाली दीक्षित, खेरागढ़ के युवा नेता अभय उमेश सैंथिया, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष पवन उपाध्याय, पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र मुद्गल, गौरीशंकर उपाध्याय सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर शोभायात्रा को रवाना किया।बिचौला रोड से प्रारंभ हुई शोभायात्रा मुख्य मार्गों से होती हुई पुलिस चौकी, रामखिलाड़ी चौराहा, मुख्य बाजार एवं नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आगरा बस स्टैंड स्थित परशुराम धर्मशाला पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण का आयोजन भी किया गया।नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर सर्वसमाज एवं सर्वधर्म के लोगों ने श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई सामाजिक संगठनों द्वारा शरबत एवं शीतल जल सेवा की व्यवस्था की गई। शोभायात्रा में सबसे पीछे चल रही भगवान परशुराम की भव्य चित्र झांकी श्रद्धालुओं की विशेष आस्था का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने झांकी की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।शोभायात्रा में शामिल दो दर्जन से अधिक धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पौराणिक विषयों पर आधारित झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। सजीव प्रस्तुतियों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित झांकियां दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। विभिन्न स्थानों पर नगरवासियों ने झांकियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।शोभायात्रा के दौरान “भगवान परशुराम की जय” तथा “विप्र समाज एकता जिंदाबाद” के जयघोष लगातार गूंजते रहे। श्रद्धालु हाथों में धर्म ध्वज लिए भक्ति गीतों एवं बैंड-बाजों की मधुर धुनों पर आगे बढ़ते रहे। पूरे आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और समाज की एकजुटता का संदेश दिया। ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर