रामभक्ति में सराबोर हुई पुरानी छावनी, सुंदरकांड पाठ एवं संकीर्तन में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
पुरानी छावनी। प्राचीन करुणानिधान श्री रामचंद्र जी मंदिर, पुरानी छावनी में श्री रामचरितमानस के अति पावन सुंदरकांड पाठ का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

इस पावन अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु भक्तगण अपने परिवार सहित मंदिर प्रांगण में उपस्थित हुए तथा भक्ति रसधारा में सहभागी बनकर प्रभु श्रीराम एवं संकटमोचन श्री हनुमान जी के दिव्य गुणगान का पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम, माता जानकी एवं श्री हनुमान जी के विशेष एवं मनोहारी श्रृंगार के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति के उपरांत भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, करुणानिधान प्रभु एवं माता जानकी की भव्य महाआरती संपन्न हुई। महाआरती के दौरान संपूर्ण मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की आस्था, श्रद्धा और जयघोष से गूंज उठा। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने प्रभु के विशेष श्रृंगार के दर्शन कर प्रसादी ग्रहण की।
प्रसादी वितरण के उपरांत मंदिर प्रांगण में संकीर्तन, भजन एवं कीर्तन का दिव्य आयोजन देर तक चलता रहा। श्रद्धालु भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियों में भाव-विभोर होकर प्रभु भक्ति का रसपान करते रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “जय श्री राम” एवं “बालाजी सरकार की जय” के गगनभेदी जयघोषों से गुंजायमान रहा, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।
श्रद्धालुओं की गरिमामयी एवं विशाल उपस्थिति ने इस धार्मिक आयोजन की शोभा को चार चाँद लगा दिए। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालु भक्तों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों में सहभागिता का आग्रह किया। ब्यूरो चीफ धौलपुर