धौलपुर 23 जुलाई
एकाकी बुजुर्ग महिला को धौलपुर पुलिस ने दिया संबल, संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल पेश
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीएफ) बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में धौलपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में एकाकी बुजुर्ग महिलाओं एवं बुजुर्ग दम्पतियों की सुरक्षा, सहायता एवं विश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष पहल निरंतर संचालित की जा रही है। इस अभियान के तहत सभी थाना पुलिस टीमें नियमित रूप से एकाकी बुजुर्गों से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याएं सुन रही हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।
इसी क्रम में थाना कोतवाली धौलपुर पर एक बुजुर्ग एवं लाचार महिला सहायता की उम्मीद लेकर पहुंची। वृद्धावस्था और असहाय स्थिति के कारण वह मानसिक रूप से व्यथित एवं परेशान दिखाई दे रही थीं। थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी बात धैर्यपूर्वक सुनी तथा उनकी समस्या को गंभीरता से समझा। थानाधिकारी रामकिशन यादव ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर बुजुर्ग महिला को पूरा विश्वास दिलाया कि धौलपुर पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को महिला की समस्या के शीघ्र एवं संवेदनशील निस्तारण के निर्देश दिए, ताकि उन्हें समय पर न्याय एवं आवश्यक सहायता मिल सके। महिला की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पुलिसकर्मियों ने उन्हें सकुशल ऑटो से उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया है कि धौलपुर पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करना भी उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि जिले में रहने वाले एकाकी बुजुर्गों से नियमित संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा, कुशलक्षेम एवं आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए, ताकि वे स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करें। धौलपुर पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि यदि उनके आसपास कोई एकाकी, असहाय या जरूरतमंद बुजुर्ग सहायता का पात्र हो तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें
रवि तिवारी की रिपोर्ट