देवछठ मचकुंड मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर पुलिस अलर्ट
पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान ने मेला स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा

प्रतिवर्ष आयोजित हो रहे ऐतिहासिक एवं धार्मिक देवछठ मचकुंड मेले में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं कानून-व्यवस्था को लेकर धौलपुर पुलिस द्वारा व्यापक पुलिस व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मचकुंड मेला परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, वृताधिकारी वृत्त धौलपुर प्रदीप नेहरा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मेला परिसर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ एवं आवागमन को ध्यान में रखते हुए सरोवर स्थल, पार्किंग व्यवस्था, मेला कंट्रोल रूम, महिला पेट्रोलिंग यूनिट सहित विभिन्न सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। मचकुंड सरोवर पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती एवं निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मेले के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने पार्किंग स्थलों एवं यातायात प्रबंधन व्यवस्था का भी जायजा लिया। श्रद्धालुओं के वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग, यातायात के सुचारू संचालन तथा मेला क्षेत्र में अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां से की जा रही निगरानी एवं समन्वय व्यवस्था की जानकारी ली। मेले के दौरान किसी भी सूचना पर त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने तथा विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।मेले में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए तैनात महिला पेट्रोलिंग यूनिट की व्यवस्थाओं का भी पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी एवं समन्वित तरीके से संचालित किया जाए। ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर