लगातार हो रही बारिश के बीच तेनुघाट डैम का 6 गेट खोला गया

बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट

लगातार हो रही बारिश के बीच तेनुघाट डैम का 6 गेट खोला गया

नदी के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गयी है

 

 

लगातार हो रही बारिश और जलग्रहण क्षेत्र में भारी वर्षा के मद्देनजर तेनुघाट बांध प्रमंडल ने जलस्तर नियंत्रित करने के लिए डैम के छह रेडियल गेट खोल दिए हैं. 24 सितंबर की सुबह तक डैम का जलस्तर 847.75 फीट दर्ज किया गया, हालांकि इसमें फिलहाल घटने की प्रवृत्ति बतायी गयी है. डैम से सुबह छह बजे तक करीब 9710 क्यूसेक यानी 274.9 क्यूबिक मीटर प्रति सेकंड पानी दामोदर नदी में छोड़ा जा रहा था.24 घंटे में 82 मिमी बारिश तेनुघाट बांध प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में डैम के जलग्रहण क्षेत्र में 82 मिमी बारिश दर्ज की गयी. लगातार बारिश और जलाशय में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डैम की सुरक्षा के लिए पानी की निकासी बढ़ायी गयी है.इससे पहले 23 सितंबर की शाम छह बजे जलाशय का जलस्तर 848 फीट पहुंच गया था. जलस्तर स्थिर होने के बाद चार अतिरिक्त रेडियल गेट खोले गये थे. इसके साथ ही कुल छह गेटों से दामोदर नदी में पानी छोड़ा जा रहा है. स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार शाम छह बजे छह गेटों से करीब 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना थी.जरूरत पड़ी तो और गेट खुलेंगे बांध प्रमंडल के अधिकारियों के अनुसार, जलाशय और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है. बारिश और जलस्तर की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त गेट भी खोले जा सकते हैं. तेनुघाट डैम दामोदर नदी पर स्थित है और इसका जलाशय बड़े क्षेत्र में फैला है.
डैम से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण दामोदर नदी का जलस्तर बढ़ा है. ऐसे में नदी के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और नदी के बढ़े जलस्तर के दौरान किनारे नहीं जाने की सलाह दी गयी है. प्रशासन और बांध प्रबंधन की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!