बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
सीआईएसएफ की बेरमो में बड़ी कार्रवाई, 2.3 टन अवैध कोयला व मोटरसाइकिल जब्त; कोयला माफियाओं में हड़कंप
बोकारो जिला के बेरमो थाना क्षेत्र में कोयला माफियाओं पर सीआईएसएफ एक्शन मोड में है। ताबड़तोड़ छापेमारी से कोयला माफियाओं में हड़कंप मच गया है।केऔसुब इकाई सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार, 29 मई 2026 को सीआईएसएफ ने 2.3 टन अवैध कोयला और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
खुफिया इनपुट पर कार्रवाई करते हुए सीआईएसएफ ने खासमहल एरिया के प्रदीप होटल के पास से असामाजिक तत्वों द्वारा जमा किए गए 1.995 टन अवैध कोयला जब्त किया।वहीं ढोरी एरिया के एनसीपी चेक पोस्ट और दीनदयाल चौक के पास एक बिना पंजीयन संख्या की मोटरसाइकिल पर लदी 5 बोरी कोयला, करीब 300 किलो, बरामद की गई।जब्त किए गए कुल 2.3 टन कोयले को सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया है। वहीं कोयला लदी मोटरसाइकिल को बेरमो थाना के हवाले कर दिया गया।सीआईएसएफ का कहना है कि क्षेत्र में अवैध कोयला के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई होती रहेगी।उक्त छापामारी दल में निरीक्षक शिला टोप्पो, सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी, एच.के. सिंह, प्रधान आरक्षक एस.के. खरवार, आरक्षक महिपाल सिंह एवं अन्य केऔसुब जवानों की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।