बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
उपायुक्त के निर्देश पर जरीडीह में बड़ी कार्रवाई, अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त, माफियाओं में मचा हड़कंप
बोकारो जिला प्रशासन ने अवैध खन और खनिज परिवहन के खिलाफ एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त बोकारो अजय नाथ झा के निर्देश पर गुरुवार को जरीडीह थाना क्षेत्र के जैनामोड़ चौराहे के समीप मुख्य पथ पर खान विभाग ने छापामारी अभियान चलाया।अभियान के दौरान अवैध रूप से बालू परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को रंगे हाथ पकड़ा गया। बोकारो में अवैध बालू खन और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार एक्शन में है। इसी कड़ी में जरीडीह थाना क्षेत्र में खान विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया। कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।यह छापेमारी जैनामोड़ चौराहे के पास मुख्य पथ पर की गई,जहां से अक्सर अवैध बालू की तस्करी की शिकायतें मिलती रहती थीं। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिना किसी वैध कागजात के बालू ले जा रहे ट्रैक्टर को रोका। जांच में पाया गया कि ट्रैक्टर में लदा बालू अवैध खनन से प्राप्त किया गया था।अभियान का नेतृत्व खान निरीक्षक सीताराम टुडू और खान निरीक्षक अजय कुमार महतो ने किया। उनके साथ जरीडीह थाना पुलिस बल भी मौजूद रहा। कार्रवाई के बाद जब्त किए गए ट्रैक्टर को विधिवत प्रक्रिया पूरी कर जरीडीह थाना को सुपुर्द कर दिया गया।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध बालू खनन और परिवहन से सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही नदियों और पर्यावरण को भी नुकसान हो रहा है। ऐसे में जिला प्रशासन ने दोहराया है कि किसी भी सूरत में अवैध खन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।खान निरीक्षक अजय कुमार महतो कहा उपायुक्त महोदय के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया है। आज एक ट्रैक्टर को अवैध बालू परिवहन करते हुए पकड़ा गया है। आगे भी लगातार छापेमारी जारी रहेगी। जो भी लोग इस अवैध कारोबार में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ खन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू माफियाओं में खलबली मच गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ऐसे अभियान लगातार चलते रहें तो अवैध खनन पर काफी हद तक रोक लग सकती है। खान विभाग ने कहा है कि जिले के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी जल्द छापेमारी की जाएगी।”