ब्यूरो रिपोर्ट पलामू
जेएसएलपीएस कार्यों में लापरवाही पर छह बीपीएम से स्पष्टीकरण,उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गयी।
बैठक में कृषि, उद्यमिता विकास, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना, बैंक लिंकेज एवं स्वयं सहायता समूहों के सशक्तीकरण सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने FPO में शेयर कैपिटल का कार्य 15 सितंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही सामाजिक विकास के कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित ग्रांट का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने फूलो-झानो आशीर्वाद योजना का निर्धारित लक्ष्य एक माह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं, खाली पड़े सरकारी भवनों को सखी मंडल के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने तथा हुसैनाबाद एवं चैनपुर में दीदी कैफे खोलने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।
समीक्षा के दौरान लो-कोष e-KYC का कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर छतरपुर BPM से स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया गया। वहीं, आजीविका CRP रजिस्टर के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उंटारी रोड, पाटन, हुसैनाबाद, चैनपुर एवं मनातू के BPM से भी स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पिछले माह के अनुपालन कार्यों की भी समीक्षा की गई। कोयल अपैरल पार्क में मैनपावर बढ़ाने के निर्देश के अनुपालन में अब 160 दीदियों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।बैठक में जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी. केरकेट्टा, जिला प्रबंधक अख्तर अंसारी, नवल किशोर, मिथलेश कुमार, विकास खलखो, प्रवीण सिंह समेत सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।