राजाखेड़ा की बेटियां रच रही इतिहास शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ते कदम,मेधावी बालिका के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित,
rk
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, सिंघावली खुर्द की होनहार छात्रा रश्मि, पुत्री सुभाष सिंह एवं पौत्री ठाकुर सरनाम सिंह द्वारा सत्र 2025-26 की प्रतिष्ठित नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने पर विद्यालय परिसर में आज भव्य एवं प्रेरणादायी स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रबुद्ध ग्रामीणों, विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावकों एवं विद्यालय स्टाफ ने छात्रा का माल्यार्पण एवं सम्मान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम में पीईईओ विद्यालय प्रतिनिधि के रूप में पधारे राजेश सिंह ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक छात्रा की उपलब्धि का सम्मान नहीं, बल्कि उन ग्रामीण बेटियों के संघर्ष, परिश्रम और सपनों का अभिनंदन है, जो सीमित संसाधनों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद निरंतर शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता पूरे समाज को नई दिशा और नई सोच प्रदान करती है।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बड़ी सिंघावली के वरिष्ठ अध्यापक सत्येंद्र कुमार चंदेल ने कहा कि पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी राजंती मीणा शिक्षा जगत में प्रेरणास्रोत एवं कुशल मार्गदर्शक हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालयों में लगातार नवाचारपूर्ण एवं प्रेरणादायी शैक्षिक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है। उन्होंने बताया कि हाल ही में बड़ी सिंघावली की एक प्रतिभाशाली बेटी द्वारा राजाखेड़ा क्षेत्र में सर्वाधिक अंक अर्जित करने पर आयोजित ऐतिहासिक सम्मान समारोह ने पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति उत्साह और गौरव का वातावरण बना दिया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नाथूराम जी ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक लक्ष्मी नारायण शर्मा के शिक्षा क्षेत्र में योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एक समर्पित शिक्षक ही समाज और राष्ट्र की सशक्त नींव तैयार करता है।
प्रधानाध्यापक लक्ष्मी नारायण शर्मा ने भीषण गर्मी के बावजूद समारोह में उपस्थित होकर छात्रा का उत्साहवर्धन करने वाले सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणजनों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति प्रत्येक शैक्षिक एवं सामाजिक गतिविधि में पूर्ण समर्पण के साथ सहयोग करती है, जिसके कारण विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।
छात्रा रश्मि के पिता सुभाष सिंह ने भावुक शब्दों में कहा कि उनके तीनों बच्चों में रश्मि के संस्कार, अनुशासन एवं व्यवहार बचपन से ही विशेष रहे हैं। समय पर उठना, माता की सहायता करना तथा दादा जी की सेवा करना उसकी दिनचर्या का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि रश्मि उनके लिए देवी लक्ष्मी के समान है तथा उसके जन्म के बाद परिवार एवं व्यापार में निरंतर उन्नति हुई है। उन्होंने ग्रामवासियों से बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह करते हुए कहा कि आज बेटियाँ हर क्षेत्र में देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं।
राजाखेड़ा से पधारे दिमान सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानाध्यापक लक्ष्मी नारायण शर्मा ने वर्ष 1988 में उन्हें शिक्षा प्रदान की थी और आज उनके बच्चों को भी उसी अनुभवी एवं स्नेहशील गुरु का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है, यह उनके लिए अत्यंत गौरव एवं सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुलिया देवी, धर्मेंद्र, रामनरेश, एसएमसी अध्यक्ष श्री रामअवतार, विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं उत्कृष्ट क्रियान्वयन राकेश कुमार आचार्य द्वारा किया गया।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने छात्रा रश्मि की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया तथा बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने का सामूहिक संकल्प लिया। संवाददाता ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर