बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
दाँतू महायज्ञ में शामिल हुईं कसमार प्रमुख नियोती कुमारी यज्ञ समिति ने जताया आभार
बोकारो जिला के कसमार प्रखंड के दाँतू गांव में आयोजित नौ दिवसीय श्री श्री 108 लक्ष्मी नारायण महायज्ञ सह राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में सोमवार को कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी शामिल हुईं। उनके आगमन से पूरे यज्ञ परिसर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। यज्ञ समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान प्रमुख नियोती कुमारी ने यज्ञ मंडप में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा,सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से लोगों के बीच प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना बढ़ती है।प्रमुख नियोती कुमारी ने यज्ञ समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि इतने भव्य और विशाल धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में समिति एवं ग्रामीणों का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दाँतू गांव में आयोजित यह महायज्ञ पूरे क्षेत्र के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रमुख नियोती कुमारी के आगमन से समिति के सभी सदस्यों का मनोबल बढ़ा है। समिति की ओर से कहा गया कि जनप्रतिनिधियों का सहयोग और आशीर्वाद मिलने से आयोजन को और मजबूती मिलती है। समिति ने प्रमुख नियोती कुमारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने समय निकालकर महायज्ञ में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई है।यज्ञ समिति की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का माध्यम भी है। समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर यज्ञ में भाग लेने एवं धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की।
इस अवसर पर यज्ञ समिति के कई सदस्य, ग्रामीण, महिला श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित थे।