गोमिया डिग्री कॉलेज में विषय बंद होने पर भड़के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, राज्यपाल से की हस्तक्षेप की मांग

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट

गोमिया डिग्री कॉलेज में विषय बंद होने पर भड़के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, राज्यपाल से की हस्तक्षेप की मांग

बोकारो :गोमिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे को लेकर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति से मुलाकात कर सरकारी डिग्री महाविद्यालय गोमिया में बंद किए गए विषयों की पढ़ाई पुनः शुरू कराने की मांग की है।उन्होंने कहा कि गोमिया विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों का वर्षों पुराना सपना था कि क्षेत्र में एक सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना हो, ताकि गरीब, किसान एवं ग्रामीण परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। वर्ष 2023 में सरकारी डिग्री महाविद्यालय गोमिया की स्थापना होने के बाद क्षेत्र में शिक्षा को लेकर नई उम्मीद जगी थी। कॉलेज में विज्ञान, भूगोल, खोरठा एवं समाजशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई शुरू हुई, जिससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो रहे थे।लेकिन हाल ही में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा इन विषयों की पढ़ाई बंद किए जाने से छात्रों,अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी व्याप्त है।डॉ.लंबोदर महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के सपनों पर इस तरह कुठाराघात करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने बताया कि इस गंभीर मामले को लेकर उन्होंने महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति महोदय से मुलाकात कर सभी बंद विषयों को पुनः शुरू कराने की मांग की। इसके साथ ही मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा सचिव को भी पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया है।
पूर्व विधायक ने कहा कि एक ओर सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्र के एकमात्र सरकारी कॉलेज में विषयों की पढ़ाई बंद कर विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोमिया के विद्यार्थियों के अधिकार एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की लड़ाई वे हर स्तर पर मजबूती के साथ लड़ते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!