बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
चंद्रपुरा से लापता 10 साल की बच्ची धनबाद से बरामद, SIT ने मनईटांड शिव मंदिर से किया रेस्क्यू
बोकारो जिला के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के 7 मई को आम चुनने निकली 10 वर्षीय बच्ची के लापता होने के मामले में बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी टीम ने बच्ची को धनबाद के मनईटांड स्थित शिव मंदिर से सकुशल बरामद कर लिया है।
वादिनी लक्ष्मी देवी, पति उदय कुमार, पश्चिम पल्ली, थाना चंद्रपुरा ने 8 मई को अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बच्ची 7 मई दोपहर करीब 1:30 बजे घर से आम चुनने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस पर चंद्रपुरा थाना कांड संख्या 52/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।बच्ची की बरामदगी के लिए बोकारो पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा के नेतृत्व में SIT गठित की गई थी। अखबारों और अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार के बाद 17 मई को मनईटांड, धनबाद से सूचना मिली कि गुमशुदा बच्ची जैसी दिखने वाली एक बच्ची वहां देखी गई है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए SIT ने मनईटांड शिव मंदिर, धनबाद से बच्ची को सही-सलामत बरामद किया। बच्ची को CWC में प्रस्तुत किया गया और माननीय न्यायालय में बयान कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में CCTV फुटेज और अन्य बिंदुओं पर जांच जारी है। छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक-सह-पुलिस निरीक्षक बेरमो अंचल नवल किशोर सिंह, चंद्रपुरा थाना प्रभारी पु०अ०नि० विक्रम कुमार, बोकारो झरिया ओपी प्रभारी पु०अ०नि० श्रीनिवास कुमार, दुग्दा थाना प्रभारी पु०अ०नि० मनिष कुमार पाण्डेय, पु०अ०नि० अमरजीत कुमार, पु०अ०नि० कुन्दन कुमार पासवान, तकनीकी शाखा के आरक्षी 1132 पंकज कुमार जयसवाल और सशस्त्र बल चंद्रपुरा थाना शामिल रहे।