मजदूरों के मसीहा स्व राजेंद्र प्रसाद सिंह की छठवीं पुण्यतिथि पर कथारा में होंगे विविध कार्यक्रम

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट

मजदूरों के मसीहा स्व राजेंद्र प्रसाद सिंह की छठवीं पुण्यतिथि पर कथारा में होंगे विविध कार्यक्रम

प्रतिमा पर श्रद्धासुमन गरीबों में साड़ी व मेधावी छात्रों को कॉपी-किताब का होगा वितरण

बोकारो :।देश के कोयला उद्योग के मजदूर राजनीति के जनक झारखंड एवं बिहार के पूर्व मंत्री तथा बेरमो के पूर्व विधायक स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह का छठवां पुण्यतिथि समारोह 24 मई को कथारा क्षेत्र में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाएगा।राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन कथारा क्षेत्र के तत्वावधान में सभी परियोजना कार्यालयों में कार्यस्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। साथ ही क्षेत्रीय कार्यालय स्थित स्व राजेंद्र बाबू की प्रतिमा के समक्ष यूनियन पदाधिकारी व सदस्य श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
पुण्यतिथि के अवसर पर गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ी का वितरण किया जाएगा। वहीं मेधावी व जरूरतमंद छात्रों के बीच कॉपी-किताब बांटी जाएंगी। यूनियन का मानना है कि राजेंद्र बाबू ने हमेशा श्रमिकों व वंचितों के उत्थान के लिए काम किया, इसलिए सेवा कार्य ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
आरसीएमयू कथारा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने कहा कि राजेंद्र बाबू ने अपने कार्यों और विकास से जनमानस में जो अमिट छाप छोड़ी है, वह आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। उन्होंने कोयला उद्योग के लाखों मजदूरों के भविष्य को संवारा और सजाया। आज भी देश का मजदूर अपने उस नेता को याद कर भावुक हो जाता है।
अजय कुमार सिंह ने बताया कि पुण्यतिथि कार्यक्रम की व्यापक तैयारी में यूनियन के सभी पदाधिकारी व सदस्य जुटे हैं। यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल बेरमो विधायक आवास पर आयोजित मुख्य समारोह में भी शामिल होकर स्व. राजेंद्र बाबू को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!