ब्रजभाषा बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले भरतपुर में निकली युवा आक्रोश रैली, ब्रजभाषा संरक्षण की उठी जोरदार मांग
पुलिस प्रशासन से मनुदेव सिनसिनी की हुई झड़प
भरतपुर, 28 मई/

ब्रजभाषा बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले आज भरतपुर शहर में युवा आक्रोश रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर ब्रजभाषा के संरक्षण और भरतपुर संभाग के युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। रैली के दौरान युवाओं ने सरकार को चेताते हुए कहा कि यदि भरतपुर संभाग के युवाओं के रोजगार, शिक्षा और भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ किया गया तो उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रैली में संघर्ष समिति अध्यक्ष मनुदेव सिनसिनी ने कहा कि भरतपुर ब्रजभूमि का प्रमुख हिस्सा है और यहां की पहचान, संस्कृति व सामाजिक विरासत ब्रजभाषा से जुड़ी हुई है। ऐसे में किसी एक भाषा को पूरे राजस्थान पर थोपना न तो न्यायसंगत है और न ही क्षेत्रीय भाषाई विविधता के हित में है। युवाओं ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि वे स्वयं ब्रज क्षेत्र के बेटे हैं और भगवान श्रीकृष्ण की पावन भाषा ब्रजभाषा के महत्व को भलीभांति समझते हैं। इसलिए सरकार ब्रजभाषा के संरक्षण और सम्मान के लिए ठोस कदम उठाए।
इस अवसर पर संघर्ष समिति के सदस्य एवं छात्र नेता विष्णु खेमरा ने कहा कि भरतपुर संभाग का युवा पूरी तरह जागरूक है और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने को तैयार है। उन्होंने प्रशासन और सरकार को आगाह करते हुए कहा कि जनभावनाओं का सम्मान किया जाए तथा किसी भी निर्णय को युवाओं पर थोपने की बजाय स्थानीय भाषा, संस्कृति और रोजगार की वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाए।
रैली के बाद संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ब्रजभाषा के संरक्षण और भरतपुर संभाग के युवाओं के हितों की रक्षा की मांग रखी। समिति ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जनभावनाओं को गंभीरता से नहीं लिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर सचिन मेवाड़ बाबूलाल ने कहा कि युवाओं का भविष्य अंधकारमय दिख रहा है अगर ब्रजभाषा को नहीं बचाया गया तो हजारों लोग सड़कों पर उतरकर सरकार को झुकने को मजबूर कर देंगे। जनप्रतिनिधियों से सहयोग लेकर सड़क से संसद तक संघर्ष किया जाएगा।
इस अवसर पर सैंकड़ों छात्रों ने ब्रजभाषा को बचाने की शपथ ली।
रिपोर्टर राहुल डागुर लखनपुर